भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री आम्रपाली दुबे इन दिनों बिग बॉस में अपनी मौजूदगी को लेकर चर्चा में हैं. इसी बीच उनकी आगामी फिल्म 'रोजा' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म में आम्रपाली बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रही हैं. वह बुर्का पहने एक मुस्लिम महिला का किरदार निभा रही हैं, जिसकी जिंदगी में मां बनने के बाद कई मुश्किलें आ जाती हैं.
फिल्म का ट्रेलर सामने आते ही दर्शकों के बीच चर्चा शुरू हो गई है. इसमें एक ऐसी महिला की कहानी दिखाई गई है, जिसे नवजात बच्ची के साथ घर से निकाल दिया जाता है. ट्रेलर में आम्रपाली के किरदार का दर्द, बेबसी और संघर्ष देखकर दर्शक भावुक हो रहे हैं.
कहानी में महिला का पति उसे तलाक दे देता है और ससुराल वाले भी उसे घर से बाहर कर देते हैं. इसके बाद वह अपनी छोटी बच्ची के साथ अकेले जिंदगी की मुश्किलों का सामना करती है. बच्ची का पेट भरने और उसे पालने के लिए मां को दर-दर भटकना पड़ता है. फिल्म में महिलाओं के साथ होने वाले अन्याय, पारिवारिक दबाव और उनके सम्मान जैसे मुद्दों को उठाया गया है.
फिल्म 'रोजा' का निर्देशन इश्तियाक शेख बंटी ने किया है, जबकि इसके निर्माता अमित सिंह चौहान हैं. फिल्म की कहानी शकील नियाजी ने लिखी है. आम्रपाली दुबे के साथ आजम शेख, ज्योति मिश्रा, अमित शुक्ला, अयाज खान और कई अन्य कलाकार भी नजर आएंगे. ट्रेलर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.