साल 2026 की बड़ी बॉक्स ऑफिस हिट फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों अपनी कमाई से ज्यादा टीम के अंदर चल रहे विवाद को लेकर चर्चा में है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 452.86 करोड़ रुपये की कमाई की है। लेकिन इस शानदार सफलता के बाद फिल्म के निर्माताओं के बीच मतभेद सामने आने लगे हैं।

AdvertisementThe Puranic

नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित इस फिल्म के प्रचार, अधिकारों और प्रतिनिधित्व को लेकर खींचतान की खबरें सामने आई हैं। इसी बीच स्वंभू मीडिया नेटवर्क की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया गया है। नम्रता जी सिंह और डॉ. विशाल चतुर्वेदी को कंपनी का एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर घोषित किया गया है। उन्हें फिल्म के PR, मार्केटिंग, अवॉर्ड्स और पार्टनरशिप से जुड़े मामलों को संभालने की जिम्मेदारी दी गई है।

बयान में स्पष्ट किया गया है कि फिल्म के थिएटर, OTT, टीवी, म्यूजिक और अन्य अधिकारों से जुड़े फैसले प्रोड्यूसर्स के बीच हुए समझौतों के अनुसार ही लिए जाएंगे। कोई भी व्यक्ति अकेले फिल्म के अधिकारों या व्यावसायिक मामलों पर फैसला नहीं कर सकता। इसके साथ ही कलाकारों और क्रू को भी फिल्म के बारे में सार्वजनिक रूप से बोलने या किसी कार्यक्रम में प्रतिनिधित्व करने से पहले आधिकारिक टीम से अनुमति लेने को कहा गया है।

फिल्म के चार आधिकारिक प्रोड्यूसर्स नम्रता जी सिंह, डॉ. विशाल चतुर्वेदी, रागिनी सोना और अनुप्रिया नागर हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि फिल्म के अधिकार संयुक्त रूप से उनके पास हैं और प्रचार, अवॉर्ड्स, पार्टनरशिप तथा अधिकारों से जुड़े फैसलों में सभी चारों प्रोड्यूसर्स की मंजूरी जरूरी है। ऐसे में अनुप्रिया नागर के फिल्म से बाहर होने या उनकी प्रॉफिट शेयरिंग खत्म होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिल्म की सफलता के बाद इसके दूसरे पार्ट और ट्रिलॉजी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल ‘हनुमान अंश 2’ को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। टीम के बीच मतभेदों का असर आगे की फिल्मों पर पड़ सकता है, लेकिन अभी इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं है।