बिहार के सीवान जिले के आलमापुर गांव में शुक्रवार को पटाखों में आग लगने के बाद एक मकान में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि मकान का अगला हिस्सा ढहकर सड़क पर गिर गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई।

AdvertisementThe Puranic

यह विस्फोट जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमापुर गांव में हुआ। जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद अमीरुद्दीन मियां के मकान में पटाखे रखे हुए थे। बताया जा रहा है कि वहां पटाखों का निर्माण और कारोबार भी किया जाता था। इसी दौरान पटाखों में आग लग गई, जिसके बाद एक के बाद एक जोरदार धमाके होने लगे।

धमाकों की आवाज करीब दो घंटे तक रुक-रुककर सुनाई देती रही। विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मकान का अगला हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव कार्य के दौरान लगातार हो रहे धमाकों के कारण परेशानी भी हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। सीवान के जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।

सीवान के एसपी भारत सोनी ने हादसे की जांच के लिए विशेष टीम गठित की है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि मकान में पटाखों का निर्माण और भंडारण किस तरह किया जा रहा था और संबंधित कारोबार के लिए लाइसेंस वैध था या नहीं।

हादसे के बाद जामो बाजार थानाध्यक्ष और स्थानीय चौकीदार को कथित लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।