भारतीय शेयर बाजार में सोमवार, 2 नवंबर को शानदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 1,233 अंक उछलकर 75,692.78 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार में इस तेजी के पीछे ग्लोबल माहौल में सुधार और कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों के साथ एक बड़ी खबर भी रही। SEBI के एक प्रस्ताव ने निवेशकों के बीच नई उम्मीद जगा दी है।

AdvertisementThe Puranic

दरअसल, बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने विदेशी निवेशकों पर लगने वाले लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स (LTCG) टैक्स को हटाने की सिफारिश की है। यह प्रस्ताव आगामी केंद्रीय बजट से पहले सरकार को भेजा गया है। हालांकि, अभी इस पर अंतिम फैसला केंद्र सरकार को लेना है।

इस साल विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार से करीब 31 अरब डॉलर यानी लगभग 2.94 लाख करोड़ रुपये की बिकवाली की है। लगातार हो रही निकासी से बाजार और भारतीय रुपये पर दबाव बढ़ा है। विदेशी निवेशकों की प्रमुख मांगों में भारत के टैक्स नियमों को आसान बनाना भी शामिल रहा है।

SEBI ने घरेलू म्यूचुअल फंड निवेशकों के लिए भी राहत का सुझाव दिया है। इसके तहत एक साल से अधिक समय तक रखी गई म्यूचुअल फंड यूनिट्स को दूसरी स्कीम में बदलने पर LTCG टैक्स से छूट देने का प्रस्ताव है।

फिलहाल एक साल से अधिक समय तक रखे गए शेयरों पर 12.5% LTCG टैक्स लगता है, जबकि शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन्स पर 20% टैक्स लागू है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है, तो भारतीय बाजार विदेशी निवेशकों के लिए अधिक आकर्षक बन सकता है और निवेश प्रवाह को बढ़ावा मिल सकता है।