पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले दिवंगत परविंदर सिंह झोटा के पिता भीम सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संभावित दौरे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के परिवार का कोई सदस्य उनके बेटे के लिए चल रहे प्रदर्शन स्थल पर नहीं आए। यह बयान राहुल गांधी के 4 नवंबर को पंजाब दौरे के दौरान मानसा पहुंचने की संभावनाओं के बीच आया है।
भीम सिंह ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें संकेत मिले हैं कि राहुल गांधी उनके बेटे की हत्या के मामले को लेकर चल रहे धरने में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से उनकी कोई व्यक्तिगत नाराजगी नहीं है, लेकिन एक सिख होने के नाते वह इंदिरा गांधी के परिवार को प्रदर्शन स्थल पर नहीं देखना चाहते। उन्होंने सिख समुदाय की भावनाओं का हवाला देते हुए यह अपील की।
झोटा के पिता ने पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के परिवार के सदस्यों से भी प्रदर्शन स्थल से दूर रहने को कहा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब कांग्रेस के अन्य नेताओं के धरने में आने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। पंजाब कांग्रेस के कई नेता पहले ही प्रदर्शन स्थल पर पहुंच चुके हैं।
दरअसल, परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को मानसा में एक मेडिकल स्टोर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद उनके परिवार और समर्थकों ने न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू किया। परिवार और प्रदर्शनकारी मामले की सीबीआई जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा डीजीपी गौरव यादव के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
राहुल गांधी के मानसा दौरे को लेकर पंजाब कांग्रेस की ओर से प्रयास किए जा रहे थे। ऐसे में झोटा के पिता के बयान ने राजनीतिक चर्चा को नया मोड़ दे दिया है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.