मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर सोमवार को नया राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। भोपाल के मोबाइल एसेसरीज दुकानदार राजकुमार लोहानी ने केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। खास बात यह रही कि कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे उनके प्रस्तावक बने और पार्टी ने लोहानी को समर्थन दिया।
68 वर्षीय राजकुमार लोहानी भोपाल के पुराने शहर के घोड़ा नक्कास इलाके के निवासी हैं। उन्होंने हायर सेकेंडरी तक पढ़ाई की है और मोबाइल एसेसरीज की दुकान चलाते हैं। नामांकन दाखिल करने के दौरान कांग्रेस के कई विधायक और पार्टी नेता भी विधानसभा परिसर में मौजूद रहे।
कांग्रेस हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी का विरोध कर रही है। पार्टी ने उनके खिलाफ एपस्टीन से जुड़े कथित संबंधों को लेकर सवाल उठाए हैं। पुरी इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं। कांग्रेस के समर्थन से लोहानी के मैदान में उतरने के बाद राज्यसभा सीट पर मुकाबले की स्थिति बन गई है।
हालांकि, मध्य प्रदेश विधानसभा में भाजपा के पास 164 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास जीत के लिए जरूरी संख्या नहीं है। राज्यसभा सीट जीतने के लिए 116 वोटों की आवश्यकता है। ऐसे में भाजपा उम्मीदवार की स्थिति मजबूत मानी जा रही है।
राजकुमार लोहानी के नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को होगी। 5 नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। इसके बाद 12 नवंबर को मतदान और मतगणना निर्धारित है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.