बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा प्रदूषण-मुक्त दिवाली को लेकर बनाए गए एक वीडियो के कारण विवादों में घिर गई हैं. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने अपने दिवाली जागरूकता अभियान से अभिनेत्री का वीडियो हटा दिया. यह वीडियो लोगों से दिवाली पर पटाखों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने और वायु व ध्वनि प्रदूषण कम करने की अपील करता था. वीडियो हटाए जाने के बाद मुंबई में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया.
दरअसल, मुंबई BJP अध्यक्ष अमित साटम ने दीया मिर्जा के वीडियो पर आपत्ति जताई थी. उन्होंने कहा कि दिवाली मनाने के तरीके पर लोगों को अभिनेत्री से सीख लेने की जरूरत नहीं है. इसके बाद BMC ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो हटा दिया. हालांकि, अभियान में शामिल माधुरी दीक्षित, अजिंक्य रहाणे और निशिगंधा वाड के वीडियो उपलब्ध रहे.
इस मामले पर मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने भी अभिनेत्री पर निशाना साधा. उन्होंने दीया मिर्जा को हिंदुत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बताया. मेयर ने आरोप लगाया कि अभिनेत्री का रुख चुनिंदा मुद्दों पर विरोध करने वाला रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि दीया मिर्जा को भविष्य में BMC के कार्यक्रमों और अभियानों में शामिल नहीं किया जाएगा.
वहीं, दीया मिर्जा ने वीडियो हटाए जाने पर सवाल उठाए. अभिनेत्री के मुताबिक, यह वीडियो बॉम्बे हाईकोर्ट और BMC के निर्देशों के तहत जनहित में रिकॉर्ड किया गया था. उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण एक गंभीर चिंता का विषय है और इसे कम करने के प्रयासों का स्वागत किया जाना चाहिए.
इस विवाद ने दिवाली, पर्यावरण संरक्षण और राजनीतिक विचारों को लेकर नई बहस छेड़ दी है.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.