एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की चयन समिति ने इस टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय इंडिया-A टीम चुनी है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह मिली है, जबकि तिलक वर्मा कप्तान और रजत पाटीदार उपकप्तान बनाए गए हैं।
टीम में अभिषेक शर्मा, रिंकू सिंह और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा के ओपनिंग करने की संभावना है। विकेटकीपर के तौर पर प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र को चुना गया है। वहीं, टीम में सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे और तनुष कोटियन जैसे खिलाड़ियों को भी मौका मिला है। गेंदबाजी की जिम्मेदारी हर्षित राणा, प्रिंस यादव और अरशद खान संभालेंगे।
राइजिंग स्टार्स एशिया कप का आयोजन 19 से 29 नवंबर तक कतर की राजधानी दोहा में होगा। भारत-A को ग्रुप-B में रखा गया है, जहां उसका सामना पाकिस्तान-A, नेपाल और UAE से होगा। ग्रुप-A में बांग्लादेश-A, श्रीलंका-A, अफगानिस्तान-A और हांगकांग चीन की टीमें हैं।
भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 22 नवंबर को पाकिस्तान-A से भिड़ंत होगी, जबकि 24 नवंबर को UAE के खिलाफ ग्रुप चरण का आखिरी मैच होगा। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल 26 और 27 नवंबर को होंगे, जबकि फाइनल 29 नवंबर को खेला जाएगा।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.