टीवी की मशहूर एक्ट्रेस शफक नाज इन दिनों करवा चौथ मनाने को लेकर चर्चा में हैं। महाभारत सीरियल में कुंती का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुईं शफक ने इस साल अपने पति जीशान के लिए करवा चौथ का व्रत रखा और पारंपरिक लाल साड़ी, चूड़ियों और सिंदूर में तस्वीरें शेयर कीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने उनके धर्म को लेकर सवाल उठाए और उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।
अब एक्ट्रेस ने वीडियो शेयर कर ट्रोल करने वालों को जवाब दिया है। शफक ने कहा कि तस्वीरें शेयर करने के बाद उन्हें कमेंट सेक्शन में काफी अभद्रता और अपमान का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने सवाल किया कि सिंदूर लगाने से क्या उनका धर्म बदल गया है। इस पर उन्होंने साफ कहा कि सिर्फ सिंदूर लगाने से कोई अपना धर्म नहीं बदलता।
शफक ने यह भी बताया कि उनके पति जीशान मुस्लिम हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उनका धर्म इतना कमजोर है कि सिंदूर लगाने से बदल जाएगा। एक्ट्रेस ने कहा कि धर्म व्यक्तिगत आस्था का विषय है और किसी को दूसरे की मान्यताओं पर फैसला सुनाने या उसे मजबूर करने का अधिकार नहीं है।
शफक ने भारत की सांस्कृतिक विविधता का जिक्र करते हुए कहा कि वह हर संस्कृति और हर इंसान का सम्मान करती हैं। उनके मुताबिक, उनका धर्म भी दूसरों का सम्मान करना सिखाता है, न कि किसी को छोटा या बड़ा समझना।
एक्ट्रेस ने साफ किया कि वह आगे भी ईद, दिवाली और होली जैसे त्योहार मनाती रहेंगी। उन्होंने ट्रोल करने वालों से कहा कि अगर किसी को उनकी सोच पसंद नहीं है, तो वह उन्हें सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर सकता है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.