उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की PCS 2025 भर्ती प्रक्रिया को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा आदेश दिया है। अदालत ने प्रारंभिक परीक्षा के घोषित परिणाम को रद्द करते हुए आयोग को संशोधित मेरिट लिस्ट जारी करने का निर्देश दिया है। इस फैसले से भर्ती प्रक्रिया में शामिल हजारों अभ्यर्थियों पर असर पड़ सकता है।

AdvertisementThe Puranic

दरअसल, पूरा मामला आरक्षण और माइग्रेशन के नियमों से जुड़ा है। विवाद इस बात को लेकर था कि आरक्षित वर्ग के ऐसे उम्मीदवार, जिन्होंने बिना किसी छूट के सामान्य वर्ग की कटऑफ से अधिक अंक हासिल किए हैं, उन्हें अनारक्षित श्रेणी में शामिल किया जाना चाहिए या नहीं।

याचिकाकर्ताओं ने आयोग की चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया था। मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को रद्द कर नए सिरे से मेरिट तैयार करने का आदेश दिया।

अदालत के निर्देश के बाद UPPSC को संशोधित परिणाम जारी करना होगा। इसके आधार पर मुख्य परीक्षा की प्रक्रिया भी नए सिरे से आयोजित की जाएगी। इससे पहले मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कर चुके अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है।

अब उम्मीदवारों की नजर आयोग के अगले कदम पर है। संशोधित मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किन अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।