अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को सोमवार को झांसी जेल से प्रयागराज कोर्ट में पेशी के लिए लाया जा रहा था। इसी दौरान कौशांबी के सैनी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने उसके काफिले को रोककर वाहनों की जांच की। काफिले में शामिल गाड़ियों की तलाशी लेने के साथ उनमें मौजूद लोगों से भी जानकारी ली गई।

AdvertisementThe Puranic


इसी दौरान अतीक अहमद के दूसरे बेटे अहजम अहमद की गाड़ी भी पुलिस ने रोक ली। अहजम अपने भाई अली के काफिले के पीछे चल रहा था। पुलिस ने उससे कुछ देर पूछताछ की और उसके प्रयागराज जाने की वजह के बारे में जानकारी ली। पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने उसे जाने की अनुमति दे दी।


पुलिस के मुताबिक, काफिले को रोकने की कार्रवाई वाहन चेकिंग के दौरान हुई। सैनी पुलिस ने इसे सुरक्षा के मद्देनजर की गई जांच बताया। जांच के बाद अली अहमद का काफिला भी आगे प्रयागराज के लिए रवाना हो गया।


अली अहमद को उमेश पाल शूटआउट केस से जुड़े मामले में कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसके बयान दर्ज होने की प्रक्रिया हुई। सुरक्षा को देखते हुए झांसी से प्रयागराज तक उसके काफिले की निगरानी की गई।


अली के खिलाफ रंगदारी मांगने, अपहरण और मारपीट समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल कौशांबी में हुई चेकिंग के दौरान किसी आपत्तिजनक सामग्री के मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद काफिले को आगे जाने दिया।