उत्तर प्रदेश के बदायूं में ककोड़ा मेले के दौरान युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। आरोपी पुलिसकर्मी की पहचान अंकित कुमार के रूप में हुई है, जो केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा की सुरक्षा में तैनात था।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 23 नवंबर को कादरचौक थाना क्षेत्र में आयोजित ककोड़ा मेले की है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी एक युवक के बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। इस दौरान वहां मौजूद एक अन्य युवक मोबाइल से घटना का वीडियो बनाने लगता है। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उसका मोबाइल छीनने की भी कोशिश की।
वीडियो सामने आने के बाद बदायूं की एसएसपी अंकिता शर्मा ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद आरोपी सिपाही अंकित कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही पूरे मामले की जांच क्षेत्राधिकारी लाइन्स को सौंपी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मेले में पुलिसकर्मियों के व्यवहार और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.