हरियाणा के गुरुग्राम में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डीएलएफ इलाके की गोल्फ कोर्स कनेक्टिंग रोड पर तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कमर्शियल टैक्सी सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना में टैक्सी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।

AdvertisementThe Puranic

जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना रात करीब 1:30 बजे रैपिड मेट्रो के नीचे हुई। इस दौरान तीन वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद एक टैक्सी अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क पर मलबा बिखर गया।

इस हादसे का करीब 33 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है, जो एक दूसरी कार के डैशकैम में रिकॉर्ड हुआ था। वीडियो में दिखाई देता है कि एक तेज रफ्तार कार दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करते हुए आगे निकलती है। इसके कुछ ही सेकंड बाद सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन नजर आने लगते हैं। एक सफेद कार सड़क पर तिरछी खड़ी दिखाई देती है, जबकि दूसरी कार पलटी हुई नजर आती है।

हादसे की सूचना मिलते ही डीएलएफ पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल टैक्सी चालक को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तीनों गाड़ियों के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। अभी तक दुर्घटना की सही वजह सामने नहीं आई है।