केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बॉलीवुड की वैश्विक पहचान को लेकर एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि दुनिया के सबसे ताकतवर देशों में से एक के डिप्टी प्रधानमंत्री उनसे लगातार संपर्क कर रहे हैं, क्योंकि उनकी बेटी बॉलीवुड में काम करना चाहती हैं। गोयल ने यह बात नई दिल्ली में आयोजित चौथे 'फेस्टिवल ऑफ आइडियाज' कार्यक्रम में कही।

AdvertisementThe Puranic

कार्यक्रम के दौरान पीयूष गोयल भारत की वैश्विक पहचान और सांस्कृतिक ताकत पर अपनी बात रख रहे थे। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड अब पूरी दुनिया में पहचाना जाने वाला ब्रांड बन चुका है। भारत की पहचान सिर्फ टाटा और महिंद्रा जैसी कंपनियों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की कला, संस्कृति और प्रतिभा भी उसकी बड़ी ताकत हैं।

बॉलीवुड की अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता का उदाहरण देते हुए उन्होंने विदेशी डिप्टी पीएम की बेटी का जिक्र किया। गोयल ने कहा कि उस देश के डिप्टी पीएम उनके पीछे पड़े हैं, क्योंकि उनकी बेटी बॉलीवुड में लॉन्च होना चाहती हैं। हालांकि, उन्होंने संबंधित देश या डिप्टी प्रधानमंत्री का नाम सार्वजनिक नहीं किया।

पीयूष गोयल के इस बयान पर कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या गोयल बीजेपी के बाद अपने करियर के लिए ऑडिशन दे रहे हैं? खेड़ा ने उन्हें लेकर लिखा, 'दिन में वाणिज्य मंत्री, रात में बॉलीवुड कास्टिंग एजेंट।'

पीयूष गोयल का यह बयान भारतीय सिनेमा की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता के संदर्भ में आया है। भारतीय फिल्मों और कलाकारों को दुनिया के अलग-अलग देशों में पहचान मिल रही है। गोयल ने इसी का उदाहरण देते हुए बॉलीवुड को भारत की सांस्कृतिक ताकत और वैश्विक पहचान का अहम हिस्सा बताया।