अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अक्सर अपने बयानों और अलग अंदाज को लेकर चर्चा में रहते हैं। इस बार वह अपनी पसंदीदा मिठाई को लेकर सुर्खियों में हैं। थैंक्सगिविंग के मौके पर अमेरिकी सैनिकों से बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि उन्हें कौन सी मिठाई सबसे ज्यादा पसंद है, तो उनका जवाब चर्चा का विषय बन गया।
दरअसल, 26 नवंबर को ट्रंप अमेरिकी सैनिकों से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला सैनिक ने उनसे और अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप से उनकी पसंदीदा थैंक्सगिविंग मिठाई के बारे में सवाल पूछा। इस पर ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बाइडेन से अक्सर उनकी पसंदीदा आइसक्रीम के बारे में पूछा जाता था और उनका जवाब वनीला होता था।
इसके बाद ट्रंप ने अपनी पसंद बताते हुए कहा कि उन्हें पंपकिन पाई यानी कद्दू से बनी मिठाई पसंद है। हालांकि, इसके साथ वनीला आइसक्रीम होना भी जरूरी है। ट्रंप के मुताबिक, वनीला आइसक्रीम के बिना पंपकिन पाई का स्वाद अधूरा है।
वहीं, मेलानिया ट्रंप ने अपनी पसंदीदा मिठाई के रूप में एप्पल पाई का नाम लिया। उन्होंने भी बताया कि उन्हें इसके साथ वनीला आइसक्रीम पसंद है। इस पर ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें पहले से ही पता था कि मेलानिया यही जवाब देंगी।
ट्रंप और मेलानिया की यह बातचीत अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है। राजनीतिक बयानों से अलग उनकी पसंदीदा मिठाई से जुड़ी इस बातचीत ने लोगों का ध्यान खींचा है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.