नौकरी करने वाले कर्मचारियों के मन में अक्सर सवाल रहता है कि उन्हें हर साल बोनस क्यों नहीं मिलता। भारत में बोनस को लेकर अब नए श्रम कानून के तहत नियम स्पष्ट किए गए हैं। इसके मुताबिक, 21,000 रुपये तक मासिक वेतन पाने वाले कर्मचारी तय शर्तें पूरी करने पर सालाना बोनस पाने के हकदार हैं। इसके लिए कर्मचारी का संबंधित लेखा वर्ष में कम से कम 30 दिन काम करना जरूरी है।
नियमों के अनुसार, पात्र कर्मचारियों को सालाना न्यूनतम 8.33 प्रतिशत बोनस देने का प्रावधान है। वहीं, कंपनी के मुनाफे और उपलब्ध अतिरिक्त राशि के आधार पर बोनस 20 प्रतिशत तक हो सकता है। इसका मतलब है कि बोनस की राशि हर कर्मचारी के लिए एक जैसी नहीं होती, बल्कि इसकी गणना तय नियमों के आधार पर की जाती है।
बोनस की गणना को लेकर भी एक महत्वपूर्ण नियम है। अगर किसी पात्र कर्मचारी की मासिक सैलरी 7,000 रुपये से अधिक है, तो बोनस की गणना 7,000 रुपये या केंद्र सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन, दोनों में से जो अधिक होगा, उसके आधार पर की जाएगी। यानी 7,000 रुपये बोनस पाने की पात्रता की सीमा नहीं, बल्कि गणना से जुड़ी सीमा है।
वहीं, 21,000 रुपये से अधिक मासिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को इस कानून के तहत अनिवार्य बोनस का लाभ नहीं मिलता। हालांकि, कंपनियां अपनी पॉलिसी या कर्मचारियों के साथ हुए समझौते के आधार पर उन्हें बोनस दे सकती हैं। इसके अलावा, बोनस भुगतान के लिए लेखा वर्ष समाप्त होने के बाद सामान्य तौर पर आठ महीने की समयसीमा निर्धारित है।
इसलिए अगर आपकी सैलरी 21,000 रुपये तक है और आप जरूरी शर्तें पूरी करते हैं, तो अपनी कंपनी से बोनस के बारे में जानकारी मांग सकते हैं।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.