टेक इंडस्ट्री में इन दिनों कर्मचारियों की संख्या घटाने और कामकाज के तरीके बदलने का दौर जारी है. इसी बीच फेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी Meta ने फ्रांस में अपने कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने का प्रस्ताव पेश किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस योजना से कंपनी के करीब 100 कर्मचारियों पर असर पड़ सकता है.
फ्रांस में Meta के लगभग 300 कर्मचारी काम करते हैं. फ्रांसीसी पब्लिकेशन La Lettre की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया है. इस प्रस्ताव के तहत कर्मचारियों को उनके हर एक साल के कार्यकाल के बदले 2.15 महीने की सैलरी देने की बात कही गई है.
इसके अलावा कर्मचारियों को 10 महीने की मोबिलिटी लीव भी मिल सकती है. इस दौरान उन्हें अपनी ग्रॉस सैलरी का 80 फीसदी भुगतान किए जाने का प्रस्ताव है. कंपनी कर्मचारियों को नई स्किल सीखने, प्रोफेशनल ट्रेनिंग लेने या अपना कारोबार शुरू करने में सहायता देने पर भी विचार कर रही है.
Meta की यह योजना फ्रांस के श्रम कानून के तहत सामूहिक समझौते से नौकरी छोड़ने की प्रक्रिया पर आधारित है. इसे RCC कहा जाता है. इसमें कंपनी और ट्रेड यूनियनों के बीच बातचीत के जरिए कर्मचारियों की स्वैच्छिक विदाई का रास्ता तैयार किया जाता है.
फिलहाल यह योजना फ्रांस तक सीमित बताई गई है. Meta दूसरे देशों में भी ऐसा ऑफर देगी या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है. यह कदम ऐसे समय आया है, जब Microsoft और Google जैसी कंपनियां भी कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक एग्जिट पैकेज पेश कर रही हैं.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.