दीपावली से पहले राजस्थान की राजधानी जयपुर का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया है। शहर की पहचान पिंकसिटी के रूप में होती है और इस बार त्योहार की सजावट में इसी पहचान को खास जगह दी गई है। एमआई रोड पर गुलाबी रोशनी की आकर्षक सजावट की गई है, जो शाम होते ही पूरे इलाके की खूबसूरती बढ़ा देती है।

AdvertisementThe Puranic

करीब तीन किलोमीटर लंबी एमआई रोड को इस बार रंग-बिरंगी लाइटों, सजावटी छतरियों और फूलों की सजावट से तैयार किया गया है। पांच बत्ती चौराहा इस सजावट का खास आकर्षण बना हुआ है। यहां पिंकसिटी थीम पर की गई लाइटिंग जयपुर की ऐतिहासिक पहचान को नए अंदाज में पेश करती है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पांच बत्ती चौराहे पर दीपावली लाइटिंग का स्विच ऑन किया, जिसके बाद पूरा इलाका रोशनी से जगमगा उठा।

इस बार एमआई रोड की सजावट का दायरा भी बढ़ाया गया है। पहले जहां करीब ढाई किलोमीटर तक सामूहिक लाइटिंग होती थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर लगभग तीन किलोमीटर कर दिया गया है। भगवान दास रोड को भी सजावट में शामिल किया गया है। राजमंदिर सिनेमा के आसपास भी आकर्षक रोशनी देखने को मिल रही है।

जयपुर में दीपावली की रौनक केवल एमआई रोड तक सीमित नहीं है। चारदीवारी के ऐतिहासिक बाजारों में भी सजावट और रोशनी का खास इंतजाम किया गया है। जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, किशनपोल और चांदपोल जैसे इलाकों में त्योहार की तैयारियां देखने को मिल रही हैं। शहर के 300वें स्थापना वर्ष में प्रवेश का उत्साह भी इस बार दीपावली की चमक को और खास बना रहा है।