अभिनेता आशीष विद्यार्थी ने अपनी पहली शादी टूटने के बाद जिंदगी में आए मुश्किल दौर को याद किया है. शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि 55 साल की उम्र में 24 साल पुरानी शादी खत्म होना उनके लिए बेहद दर्दनाक था. उस समय उन्हें खुद को हारा हुआ महसूस होता था. जिस रिश्ते में उन्होंने अपना सबकुछ लगाया था, उसके खत्म होने से उन्हें गहरा झटका लगा.

AdvertisementThe Puranic

आशीष विद्यार्थी की पहली शादी अभिनेत्री और गायिका राजोशी बरुआ से हुई थी, जिन्हें पीलू विद्यार्थी के नाम से भी जाना जाता है. दोनों का एक बेटा अर्थ है. अक्टूबर 2022 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक की अर्जी दी थी. हालांकि, उनके अलग होने की जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई थी. मई 2023 में आशीष की दूसरी शादी के बाद यह मामला चर्चा में आया.

अभिनेता ने बताया कि शादी टूटने के बाद उन्हें लोगों के तानों और सवालों का सामना करना पड़ा. कई लोगों ने उनसे पूछा कि इस उम्र में दोबारा शादी करने की जरूरत क्या है. कुछ लोगों ने उन्हें लिव-इन में रहने की सलाह दी, तो कुछ ने बेटे की परवरिश पर ध्यान देने को कहा.

आशीष ने कहा कि वह टूट जरूर गए थे, लेकिन उन्हें अपनी जिंदगी दोबारा संवारने का अधिकार है. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी के निजी दर्द का मजाक नहीं बनाना चाहिए. उनके मुताबिक, हर इंसान को किसी भी उम्र में खुश रहने का हक है और इसके लिए किसी की अनुमति की जरूरत नहीं होती.

25 मई 2023 को आशीष विद्यार्थी ने रूपाली बरुआ से दूसरी शादी की थी. अभिनेता का कहना है कि जिंदगी में आगे बढ़ना और खुशी तलाशना हर व्यक्ति का अपना फैसला है.