दिल्ली के निहाल विहार इलाके में एक निजी अस्पताल के मालिक हाजी शकील सैफी से 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. मामले की शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

AdvertisementThe Puranic

पुलिस के मुताबिक, शकील सैफी को 3 नवंबर को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से सोशल मीडिया के जरिए रंगदारी का संदेश मिला था. धमकी देने वाले व्यक्ति ने अपनी पहचान अनिल पंडित के रूप में बताई और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध होने का दावा किया. उसने कथित तौर पर अस्पताल की रेकी करने की बात कही और 24 घंटे के भीतर 20 करोड़ रुपये जुटाने का अल्टीमेटम दिया.

शकील सैफी ने पुलिस को बताया कि उन्हें 2 नवंबर को भी इसी नंबर से धमकी भरा वॉयस मैसेज मिला था. लगातार मिल रही धमकियों के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की. इसके बाद निहाल विहार थाने में मामला दर्ज किया गया.

पुलिस अब धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके मोबाइल नंबर व सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच में जुटी है. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपी वास्तव में किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है या फिर गैंग के नाम का इस्तेमाल करके रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहा था.

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. धमकी देने वाले की पहचान और उसके नेटवर्क का पता लगाने के लिए डिजिटल सबूतों को खंगाला जा रहा है. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है.