दिवाली और धनतेरस से पहले दिल्ली के बाजारों में खरीदारी का उत्साह चरम पर पहुंच गया है. त्योहार के लिए कपड़े, मिठाइयां, सजावटी सामान और उपहार खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजारों का रुख कर रहे हैं. इसका असर राजधानी की सड़कों पर भी दिखाई दे रहा है. दिल्ली के कई इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है और गाड़ियां लंबे समय तक सड़कों पर फंसी नजर आ रही हैं.
साउथ एक्सटेंशन, सरोजिनी नगर, लाजपत नगर, करोल बाग, चांदनी चौक और राजौरी गार्डन जैसे प्रमुख बाजारों के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ गया है. कई जगह गाड़ियां बेहद धीमी गति से आगे बढ़ती नजर आईं. बाजारों में उमड़ी भीड़ के कारण पार्किंग की समस्या भी बढ़ गई है, जिससे सड़कों पर यातायात प्रभावित हो रहा है.
धौला कुआं, आईटीओ और साउथ एक्सटेंशन से सामने आए वीडियो में गाड़ियों की लंबी कतारें दिखाई दीं. उत्तर दिल्ली के कमला नगर और दिल्ली विश्वविद्यालय के रेड लाइट इलाके में भी जाम की स्थिति बनी रही. वहीं, कश्मीरी गेट और पीतमपुरा के कोहाट एन्क्लेव में भी यातायात प्रभावित हुआ.
बारापुला कॉरिडोर पर AIIMS से सराय काले खां तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. लोधी रोड और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के आसपास भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ा रहा. कई इलाकों में एंबुलेंस के जाम में फंसने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे आपातकालीन सेवाओं को लेकर चिंता बढ़ गई.
त्योहारी खरीदारी के साथ अवैध पार्किंग और सड़कों पर बढ़ते वाहनों ने परेशानी और बढ़ा दी है. दिवाली तक बाजारों और प्रमुख सड़कों पर भीड़ बढ़ने की संभावना है. ऐसे में लोगों को बाजारों में जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और वैकल्पिक रास्तों को अपनाने की सलाह दी जा रही है.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.