टीवी की दुनिया में 'देख भाई देख' और 'गुटर गू' जैसे शोज से पहचान बनाने वाली भावना बलसावर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. 59 साल की भावना ने शादी के बाद खुद की संतान नहीं करने का फैसला लिया. दिलचस्प बात यह है कि उनके पति करण शाह की पहली शादी से दो बच्चे हैं. एक्ट्रेस ने अब अपनी जिंदगी में बच्चों की जगह जानवरों को खास स्थान दिया है.
सिद्धार्थ कनन के साथ बातचीत में भावना ने अपनी लव स्टोरी और परिवार को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि करण शाह के साथ उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली. शुरुआत में उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि करण शादीशुदा हैं और उनके दो बच्चे भी हैं. बाद में करण ने उन्हें अपनी शादी और रिश्तों के बारे में बताया.
भावना ने बताया कि वह कभी शादी नहीं करना चाहती थीं. ऐसे में बच्चों की योजना भी उनके मन में कभी नहीं आई. उन्होंने कहा कि शादी काफी देर से हुई और पति के पहले से दो बच्चे थे, इसलिए उन्हें भी खुद की संतान की जरूरत महसूस नहीं हुई. दोनों ने हमेशा अपनी जिंदगी को एंजॉय करने के बारे में सोचा और करण ने कभी उन पर बच्चों को लेकर दबाव नहीं बनाया.
भावना जानवरों और प्रकृति से बेहद प्यार करती हैं. उन्होंने बताया कि एक समय उनके पास सात कुत्ते थे, जबकि फिलहाल तीन कुत्ते हैं. इसके अलावा उनके पास मछलियों से भरा तालाब और दो कछुए भी हैं. एक्ट्रेस के लिए ये सभी जानवर उनके बच्चों की तरह हैं.
भावना दिग्गज अभिनेत्री शुभा खोटे की बेटी हैं और अभिनेता विजू खोटे उनके मामा थे. अभिनय के साथ-साथ भावना अपनी निजी जिंदगी में भी प्रकृति और जानवरों के बीच खुशहाल जीवन बिता रही हैं.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.