भारतीय क्रिकेट को एक और दमदार तेज गेंदबाज मिल गया है, जिसकी गेंदबाजी ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को मुश्किल में डाल दिया. युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. उनके इस प्रदर्शन से क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर भी काफी प्रभावित नजर आए.
ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए मुकाबले में अंशुल ने अपने 10 ओवर के स्पेल में दो मेडन डालते हुए महज 22 रन खर्च किए और दो विकेट हासिल किए. उन्होंने इस दौरान 46 डॉट गेंदें फेंकी और उनका इकॉनमी रेट 2.20 रहा. शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
सुनील गावस्कर ने अंशुल की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए उनकी फिटनेस में आए बदलाव को खास वजह बताया. गावस्कर के मुताबिक, पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर अंशुल की रफ्तार लगभग 127 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे थी, लेकिन अब वह 135 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की गति से गेंदबाजी कर रहे हैं. यह उनकी फिटनेस में हुए बड़े सुधार को दर्शाता है.
गावस्कर ने अंशुल की लाइन और लेंथ की भी सराहना की. उन्होंने बताया कि गेंदबाज ने पूरे स्पेल में मिडिल या लेग स्टंप पर गेंद नहीं डाली और लगातार ऑफ स्टंप के आसपास गेंदबाजी की. इससे न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को खुलकर शॉट खेलने का मौका नहीं मिला.
टी20 क्रिकेट के दौर में जहां बल्लेबाज तेजी से रन बनाने की कोशिश करते हैं, वहां 10 ओवर में सिर्फ 22 रन देना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. अंशुल की सटीक गेंदबाजी और बढ़ी हुई रफ्तार ने भारतीय टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.