महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के पांचवें सीजन का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को आगामी सीजन के कार्यक्रम की घोषणा की। टूर्नामेंट की शुरुआत 14 जनवरी 2027 को होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 7 फरवरी को खेला जाएगा। इस बार खिताब के लिए पांच टीमें मैदान पर उतरेंगी।
सीजन का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच होगा। दोनों टीमें 14 जनवरी को वडोदरा में आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा। RCB पिछले सीजन में खिताब जीतकर चैंपियन बनी थी, जबकि मुंबई इंडियंस भी WPL की मजबूत टीमों में शामिल है।
WPL 2027 के मुकाबले दो शहरों में आयोजित किए जाएंगे। टूर्नामेंट का पहला चरण वडोदरा में 14 से 24 जनवरी तक खेला जाएगा। इसके बाद लीग का दूसरा चरण मुंबई में आयोजित होगा। मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में 26 जनवरी से मुकाबले शुरू होंगे। लीग चरण का आखिरी मैच 3 फरवरी को खेला जाएगा।
प्लेऑफ मुकाबलों की शुरुआत 5 फरवरी को एलिमिनेटर से होगी। इसमें अंक तालिका में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें भिड़ेंगी। वहीं, लीग चरण में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में जगह बनाएगी। खिताबी मुकाबला 7 फरवरी को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में आयोजित होगा।
इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात जायंट्स, मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और यूपी वॉरियर्ज हिस्सा लेंगी। सभी मुकाबले शाम 7:30 बजे भारतीय समयानुसार शुरू होंगे।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.