देहरादून में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार चिंता बढ़ा रहा है। मोहब्बेवाला इलाके में बुधवार को हुए भीषण हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए। यहां यूरिया से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा घायल हो गया।

AdvertisementThe Puranic

जानकारी के मुताबिक, परिवार सहारनपुर से देहरादून आ रहा था। इसी दौरान मोहब्बेवाला में साईं मंदिर के पास उनकी कार खाद से लदे ट्राले की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राला कार के ऊपर पलट गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत-बचाव दल को गाड़ी काटनी पड़ी। हादसे में दो महिलाओं और दो पुरुषों की जान चली गई। वहीं, छह साल का बच्चा घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

दुर्घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और ट्रांसपोर्ट नगर की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। वाहनों की लंबी कतारें लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मोहब्बेवाला क्षेत्र में इससे पहले भी कई गंभीर सड़क हादसे सामने आ चुके हैं। 20 सितंबर को सीमेंट से भरा ट्रक पलटने से एक बाइक सवार की मौत हो गई थी और एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ था। वहीं, अक्टूबर में भी यहां ट्रक से जुड़ा हादसा हुआ था।

लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच भारी वाहनों की आवाजाही, सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।