गुजरात के सूरत जिले में गुरुवार, 24 सितंबर को घने कोहरे के कारण नेशनल हाईवे-48 पर दो लग्जरी बसों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यह हादसा सुबह कोसंबा के पास हुआ, जहां कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी। दुर्घटना में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, लेकिन किसी की मौत नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, हाईवे पर एक लग्जरी बस आगे चल रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी बस उससे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे वाली बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बसों के शीशे टूट गए और यात्रियों का सामान अंदर बिखर गया। अचानक हुए हादसे से दोनों बसों में अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही हाईवे अथॉरिटी और बचाव दल मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त बसों को सड़क के किनारे हटाकर यातायात सामान्य करने का काम शुरू किया गया।
सूरत जिला ट्रैफिक पुलिस के सब इंस्पेक्टर ईश्वरसिंह सिसोदिया के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। दोनों बसों को हाईवे से हटाकर रास्ता खुलवाया गया। पुलिस ने पुष्टि की कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की संभावित वजह घने कोहरे के कारण कम दृश्यता बताई जा रही है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से कोहरे के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही वाहनों की लाइट चालू रखने, गति कम करने और आगे चल रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.