अमेरिका में एयरलाइन सेवाओं से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का सिलसिला जारी है। अटलांटा के हर्ट्सफील्ड-जैक्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डेल्टा एयरलाइंस के ऑटोमेशन सिस्टम में खराबी आ गई। इसके चलते डेल्टा की उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा और हजारों यात्री देरी से परेशान हुए। यह समस्या ऐसे समय आई, जब अमेरिका में थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के कारण हवाई यात्रा का दबाव बढ़ रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, डेल्टा के उस सिस्टम में गड़बड़ी आई, जो उड़ान से पहले विमान के वजन और संतुलन की गणना करता है। इसमें यात्रियों, सामान और कार्गो का वजन शामिल होता है। विमान के सुरक्षित उड़ान भरने के लिए ये आंकड़े बेहद जरूरी होते हैं। सिस्टम ठप होने के बाद कर्मचारियों को मैनुअल तरीके से गणना करनी पड़ी, जिससे उड़ानों में देरी हुई।
स्थिति को देखते हुए अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने अटलांटा आने वाली कुछ डेल्टा उड़ानों पर करीब एक घंटे के लिए ग्राउंड स्टॉप लगाया। हालांकि, FAA ने स्पष्ट किया कि यह समस्या उसके एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम से जुड़ी नहीं थी।
डेल्टा ने बाद में बताया कि ऑटोमेशन सिस्टम दोबारा काम करने लगा है। कंपनी के मुताबिक, रविवार को उसके नेटवर्क में करीब 5,000 उड़ानें निर्धारित थीं। FlightAware पर दर्ज देरी और रद्दीकरण के लगभग 70 प्रतिशत मामले तकनीकी खराबी से जुड़े थे। बाकी व्यवधानों की वजह खराब मौसम और अन्य ट्रैफिक संबंधी समस्याएं थीं। प्रभावित यात्रियों को दोबारा बुकिंग, भोजन और जरूरत पड़ने पर होटल की सुविधा देने की बात भी कही गई।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.