लंबे समय तक वीडियो गेम को पढ़ाई में बाधा और टाइमपास माना जाता रहा है, लेकिन अब गेमिंग तेजी से एक बड़े उद्योग के रूप में उभर रही है। GTA 6 की लोकप्रियता ने एक बार फिर गेमिंग की दुनिया और उससे जुड़े करियर के अवसरों पर चर्चा बढ़ा दी है। इस क्षेत्र में अब सिर्फ गेम खेलने वाले ही नहीं, बल्कि गेम बनाने, डिजाइन करने और उससे जुड़े दूसरे काम करने वाले लोगों की भी मांग है।

AdvertisementThe Puranic

इंडिया गेमिंग रिपोर्ट 2026 के मुताबिक, देश में करीब 53.5 करोड़ गेमर्स हैं और गेमिंग बाजार का अनुमानित आकार 14,344 करोड़ रुपये है। वहीं, गेम डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, देश में 1,900 से ज्यादा गेम डेवलपमेंट कंपनियां हैं, जिनमें लगभग 1.3 लाख लोग काम कर रहे हैं।

गेमिंग इंडस्ट्री में गेम डिजाइनर, गेम डेवलपर, 3D आर्टिस्ट, एनिमेटर, क्वालिटी टेस्टिंग प्रोफेशनल, साउंड डिजाइनर और गेम प्रोड्यूसर जैसे कई करियर विकल्प मौजूद हैं। इसके अलावा ई-स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, गेमिंग कंटेंट क्रिएशन, मार्केटिंग और कम्युनिटी मैनेजमेंट में भी अवसर हैं।

नवंबर 2026 के एक सर्वे के अनुसार, गेम डिजाइनर और QA प्रोफेशनल की अनुमानित सालाना CTC करीब 6 लाख रुपये है। गेम इंजीनियर के लिए यह आंकड़ा 15 लाख रुपये और आर्ट या क्रिएटिव डायरेक्टर के लिए 24 लाख रुपये तक बताया गया है। हालांकि, वास्तविक सैलरी अनुभव, कौशल और कंपनी के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।

गेमिंग में करियर बनाने के लिए केवल अच्छा खिलाड़ी होना जरूरी नहीं है। प्रोग्रामिंग, एनिमेशन, ग्राफिक डिजाइन, कहानी लिखने और मैनेजमेंट जैसे कौशल भी काम आते हैं। ई-स्पोर्ट्स और कंटेंट क्रिएशन में कमाई स्थिर नहीं होती। इसलिए इस क्षेत्र में आने से पहले अपनी रुचि के साथ जरूरी स्किल्स और करियर की संभावनाओं को समझना जरूरी है।