वीडियो गेम GTA 6 का क्रेज अब ऑफिस तक पहुंच गया है। गेम की रिलीज को लेकर दुनियाभर में उत्साह के बीच चेन्नई की एक कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए खास ऐलान किया है। इंटीरियर डिजाइन कंपनी Inde by ChairsCarte ने 19 नवंबर 2026 को छुट्टी घोषित की है। इस दिन कर्मचारी, इंटर्न और फ्रीलांसर काम से छुट्टी लेकर अपनी पसंदीदा गेम का आनंद ले सकेंगे।
कंपनी के फाउंडर और CEO किशोर शनमुगम ने सोशल मीडिया पर इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी टीम लंबे समय से GTA के नए संस्करण का इंतजार कर रही है। ऐसे में कंपनी ने गेम की रिलीज वाले दिन कर्मचारियों को छुट्टी देने का फैसला किया। कंपनी ने अपने पोस्ट में GTA वाइस सिटी और GTA 5 से जुड़ी पुरानी यादों का भी जिक्र किया।
GTA 6 की रिलीज को लेकर ऐसा फैसला लेने वाली यह पहली कंपनी नहीं है। इससे पहले टेक कंपनी Logitech ने भी अपने करीब 7,000 कर्मचारियों के लिए 'Logi Game Day' पहल शुरू की थी। इसके तहत कर्मचारी साल में एक दिन अपनी पसंद का वीडियो गेम खेलने के लिए अतिरिक्त पेड छुट्टी ले सकते हैं।
GTA सीरीज का पिछला बड़ा गेम GTA 5 साल 2013 में रिलीज हुआ था। इसके बाद से ही गेमर्स इसके अगले संस्करण का इंतजार कर रहे हैं। GTA 6 में खिलाड़ी एक बार फिर वाइस सिटी की दुनिया में पहुंचेंगे। गेम की कहानी लियोनिडा नाम के काल्पनिक अमेरिकी राज्य में आधारित है, जिसमें जेसन और लूसिया मुख्य किरदार हैं।
चेन्नई की कंपनी के इस फैसले की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। कई यूजर्स ने कर्मचारियों के प्रति कंपनी के इस रवैये की तारीफ की है। वहीं, कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में ऐसी कंपनी में नौकरी करने की इच्छा भी जताई है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.