प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित गाला डिनर में अपने पहनावे से सबका ध्यान खींचा। इस खास मौके पर उन्होंने फिलीपींस का पारंपरिक परिधान 'बारोंग तागालोग' पहना। यह कार्यक्रम फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित किया गया था, जिसमें कई देशों के नेता और गणमान्य लोग शामिल हुए।
बारोंग तागालोग फिलीपींस का पारंपरिक पुरुष औपचारिक परिधान है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका हल्का कपड़ा, खूबसूरत कढ़ाई और पारंपरिक डिजाइन है। इसे आमतौर पर शर्ट की तरह पैंट के ऊपर पहना जाता है। यह परिधान अक्सर हल्के और थोड़े पारदर्शी कपड़े से बनाया जाता है, जिसके नीचे एक इनर शर्ट पहनी जाती है।
परंपरागत रूप से इसे पिना फैब्रिक से भी तैयार किया जाता है, जो अनानास के पत्तों के रेशों से बनता है। हालांकि, आजकल इसे रेशम और दूसरे हल्के कपड़ों से भी बनाया जाता है। फिलीपींस में बारोंग तागालोग को शादियों, सरकारी कार्यक्रमों और खास समारोहों में पहनने की परंपरा है।
पीएम मोदी का यह पहनावा मेजबान देश की संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान का संदेश देता है। विदेशी दौरों के दौरान स्थानीय पारंपरिक परिधान पहनना सांस्कृतिक जुड़ाव और आपसी सम्मान को दर्शाने का एक तरीका भी माना जाता है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.