फिल्म 'रामायण' में कैकेयी का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री लारा दत्ता ने अपने बयान से नई बहस छेड़ दी है। आमतौर पर रामायण की कहानी में कैकेयी को भगवान राम के वनवास की वजह और खलनायिका के रूप में देखा जाता है, लेकिन लारा दत्ता इस किरदार को अलग नजरिए से समझती हैं। उनका कहना है कि कैकेयी को सिर्फ विलेन कहना सही नहीं है, क्योंकि राम का वनवास भी रामायण की पूरी कहानी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था।
लारा दत्ता ने एक इंटरव्यू में बताया कि कैकेयी भगवान राम से बेहद प्रेम करती थीं। जब अयोध्या में राम के राज्याभिषेक की तैयारी चल रही थी, तब कैकेयी भी इस फैसले से खुश थीं। उन्हें राम के राजा बनने पर कोई आपत्ति नहीं थी। अभिनेत्री के मुताबिक, कैकेयी के फैसले के पीछे कई परिस्थितियां और भावनात्मक कारण थे, जिन्हें समझना जरूरी है।
लारा ने कैकेयी और मंथरा के रिश्ते पर भी बात की। फिल्म में मंथरा का किरदार अभिनेत्री शेबा चड्ढा निभा रही हैं। लारा के अनुसार, कैकेयी ने बचपन में अपनी मां को खो दिया था और मंथरा ने उनका पालन-पोषण किया था। इस वजह से दोनों के बीच मां-बेटी जैसा गहरा रिश्ता था। मंथरा की बातों का कैकेयी पर काफी प्रभाव पड़ता था।
अभिनेत्री ने कैकेयी के दो वरदानों का भी जिक्र किया, जिनके कारण भगवान राम को 14 वर्ष का वनवास मिला और भरत के लिए अयोध्या का राजपाट मांगा गया। लारा का मानना है कि राम का वनवास आगे की घटनाओं के लिए जरूरी था। इसी वनवास के दौरान सीता हरण और रावण के वध की कहानी आगे बढ़ती है। उनके मुताबिक, कैकेयी के किरदार को केवल नकारात्मक नजरिए से देखने के बजाय उसकी परिस्थितियों और रामायण में उसकी भूमिका को भी समझना चाहिए।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.