भारतीय शेयर बाजार में इन दिनों दिवाली जैसा माहौल देखने को मिल रहा है. लगातार पांच कारोबारी सत्रों से जारी तेजी ने निवेशकों की झोली भर दी है. सेंसेक्स में 4,055 अंकों से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई है, जबकि इस दौरान निवेशकों की संपत्ति में करीब 20.81 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है. बाजार में लौटी इस रौनक ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है.

AdvertisementThe Puranic

बुधवार को भी शेयर बाजार हरे निशान में बंद हुआ. बीएसई सेंसेक्स 383.55 अंक यानी 0.50 फीसदी की तेजी के साथ 77,301.40 पर पहुंच गया. वहीं एनएसई निफ्टी 149.75 अंक यानी 0.63 फीसदी चढ़कर 23,960.60 के स्तर पर बंद हुआ. पिछले पांच कारोबारी सत्रों में निफ्टी 1,261.75 अंक मजबूत हो चुका है.

निवेशकों की संपत्ति में भी जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली. बुधवार को बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़कर 493.44 लाख करोड़ रुपये हो गया. केवल एक कारोबारी दिन में निवेशकों की संपत्ति करीब 6.65 लाख करोड़ रुपये बढ़ी, जबकि पांच सत्रों का कुल इजाफा 20.81 लाख करोड़ रुपये रहा.

इस तेजी में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. निफ्टी मिडकैप 100 में 1.55 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 2 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई. मीडिया, रियल्टी और मेटल शेयरों में खास खरीदारी देखने को मिली, जबकि आईटी इंडेक्स दबाव में रहा.

बाजार में तेजी के पीछे विदेशी निवेशकों की खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, बेहतर तिमाही नतीजे और त्योहारी मांग जैसे कारण बताए जा रहे हैं. इसके अलावा आगामी बजट में संभावित टैक्स राहत की उम्मीदों ने भी निवेशकों का उत्साह बढ़ाया है. हालांकि, विशेषज्ञों के मुताबिक आगे बाजार में उतार-चढ़ाव और मुनाफावसूली की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.