CBSE की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले लाखों छात्र 2027 की डेटशीट का इंतजार कर रहे हैं। पिछले साल बोर्ड ने सितंबर में ही परीक्षा का संभावित कार्यक्रम जारी कर दिया था, लेकिन इस बार अक्टूबर का महीना खत्म होने के करीब है और अब तक टाइमटेबल सामने नहीं आया है। ऐसे में छात्रों के मन में सवाल है कि आखिर डेटशीट जारी होने में देरी क्यों हो रही है और उन्हें इसके लिए कितना इंतजार करना पड़ेगा।

AdvertisementThe Puranic

पिछले साल यानी 2025 में CBSE ने 2026 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए 24 सितंबर को टेंटेटिव डेटशीट जारी की थी। इसके बाद 30 अक्टूबर को 10वीं और 12वीं की फाइनल डेटशीट जारी हुई थी। इस बार बोर्ड ने अभी तक 2027 की परीक्षाओं का विषयवार कार्यक्रम जारी नहीं किया है। साथ ही डेटशीट जारी करने की कोई आधिकारिक तारीख भी घोषित नहीं की गई है।

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि बोर्ड की परीक्षा संबंधी तैयारियां रुकी हुई हैं। CBSE ने सितंबर में 10वीं और 12वीं के छात्रों की List of Candidates यानी LOC जमा कराने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसके जरिए स्कूलों को परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों का विवरण बोर्ड को भेजना होता है। इसके बाद छात्रों के नाम, विषय और अन्य जानकारियों की जांच की जाती है।

इस बार 10वीं की बोर्ड परीक्षा व्यवस्था में बदलाव भी लागू है। नई व्यवस्था के तहत छात्रों को साल में दो बार परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम तैयार करना पहले की तुलना में अलग योजना की मांग करता है। हालांकि, CBSE ने डेटशीट में देरी की वजह को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया है।

छात्रों को सलाह है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रही संभावित तारीखों पर भरोसा न करें। डेटशीट जारी होने के बाद इसे CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर देखा और डाउनलोड किया जा सकेगा।