आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में खानपान और दिनचर्या का सीधा असर हमारी सेहत पर पड़ता है। अनियमित खाने, जरूरत से ज्यादा भोजन और शारीरिक गतिविधि की कमी के कारण मोटापा, डायबिटीज और लिवर से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसी मुद्दे पर नोएडा में आयोजित HealthWealth Summit 2026 में डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने स्वस्थ रहने के कई आसान तरीके बताए।

AdvertisementThe Puranic

समिट के एक सत्र में आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. सुधींद्र उप्पूर ने खाने के समय और मात्रा को लेकर अहम सलाह दी। उन्होंने कहा कि दिन का सबसे भरपेट भोजन दोपहर में करना चाहिए, जबकि रात का खाना सबसे हल्का रखना बेहतर है। उनके मुताबिक, सुबह का नाश्ता हल्का और संतुलित होना चाहिए। भोजन को अच्छी तरह चबाकर खाना और जरूरत से ज्यादा खाने से बचना भी जरूरी है।

डॉ. उप्पूर ने हर भोजन के बाद करीब 100 कदम चलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऑफिस में लंच करने वाले लोग भी खाने के बाद थोड़ी देर टहलने की आदत अपना सकते हैं। उन्होंने सुबह उठने के बाद सामान्य तापमान का पानी पीने का सुझाव भी दिया।

समिट में उपवास को लेकर भी चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित और नियंत्रित तरीके से उपवास करने की परंपरा का अपना महत्व है, लेकिन इसे हर व्यक्ति के लिए एक जैसा नियम नहीं माना जा सकता। लंबे समय तक उपवास शुरू करने से पहले अपनी सेहत और जरूरतों को समझना जरूरी है।

डॉक्टरों का मुख्य संदेश यही रहा कि बीमारियों से बचाव के लिए किसी एक उपाय पर निर्भर रहने के बजाय संतुलित भोजन, नियमित गतिविधि और अच्छी दिनचर्या अपनानी चाहिए।