पंजाबी अभिनेता और कॉमेडियन गुरप्रीत सिंह गुग्गी ने अभिनेत्री लव गिल के साथ कथित अफेयर और 5 करोड़ रुपये की सेटलमेंट से जुड़े विवाद पर चुप्पी तोड़ी है। सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर फिर से चर्चा शुरू होने के बाद गुरप्रीत का एक वीडियो सामने आया है। इसमें उन्होंने आरोपों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कुछ लोग व्यूज और पैसे कमाने के लिए दूसरों की छवि खराब कर रहे हैं।

AdvertisementThe Puranic

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरप्रीत और लव गिल ने पंजाबी फिल्म 'फर्लो' में साथ काम किया था। इसके बाद दोनों के कथित रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर दावे किए गए। एक कनाडा बेस्ड यूट्यूबर ने आरोप लगाया था कि दोनों के बीच अफेयर था और लव के प्रेग्नेंट होने के बाद 5 करोड़ रुपये में समझौता हुआ था। हालांकि, इन दावों की कोई पुष्टि नहीं हुई है। गुरप्रीत और लव दोनों इन अफवाहों को खारिज कर चुके हैं।

अपने वीडियो में गुरप्रीत ने कहा कि वह मानसिक रूप से मजबूत हैं, लेकिन ऐसे आरोप किसी भी इंसान को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने लव गिल की स्थिति पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि लव ने अभी अपना करियर शुरू किया है और इस तरह की बातों से उन्हें भी मानसिक परेशानी हो सकती है।

गुरप्रीत ने कहा कि ऐसी हरकतों से उनकी इज्जत खत्म नहीं होगी, क्योंकि उनका परिवार और दोस्त उनके साथ हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस अपना काम करेगी और वह इस मामले को कोर्ट तक ले जाएंगे।

यह विवाद उस समय फिर चर्चा में आया, जब बिग बॉस 20 में लव गिल ने अपने पुराने मुश्किल दौर का जिक्र किया।