पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने Aura India Tour 2026 को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच आगरा में उनके होटल में ठहरने के दौरान C-Form जमा कराने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिलजीत की टीम ने शुरुआत में इस प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि इससे पहले भारत में होटल में रुकने के दौरान ऐसी औपचारिकता पूरी नहीं करनी पड़ी थी। इसके बाद मामला FRRO यानी विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय तक पहुंचा।
रिपोर्ट के अनुसार, आगरा के एक फाइव स्टार होटल ने जरूरी दस्तावेज जमा नहीं होने की जानकारी FRRO को दी थी। इसके बाद लखनऊ FRRO के अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई। अधिकारियों ने होटल को भी नियमों का पालन करने की जिम्मेदारी याद दिलाई। विदेशी मेहमानों की जानकारी दर्ज नहीं करने पर संबंधित होटल के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।
C-Form क्या है, यह समझना भी जरूरी है। यह भारत में ठहरने वाले विदेशी नागरिकों की जानकारी दर्ज करने वाला फॉर्म है। होटल, गेस्ट हाउस, होमस्टे और अन्य आवासीय संस्थानों को विदेशी मेहमानों के आने की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देनी होती है। इसके लिए मेहमान का नाम, राष्ट्रीयता, पासपोर्ट और ठहरने से जुड़ी जानकारी दर्ज की जाती है।
नियमों के मुताबिक, विदेशी नागरिक के चेक-इन के 24 घंटे के भीतर होटल को यह जानकारी ऑनलाइन जमा करनी होती है। भारत सरकार के नए नियमों में पहले के C-Form को Form III नाम दिया गया है। यह प्रक्रिया देश में विदेशी नागरिकों के ठहरने का रिकॉर्ड बनाए रखने के लिए जरूरी है।
दिलजीत ने आगरा प्रवास के दौरान ताजमहल का दौरा भी किया था। इसके बाद उन्हें दिल्ली में अपने कॉन्सर्ट में शामिल होना था।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.