ग्रेटर नोएडा में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक शाखा से खाताधारकों की करोड़ों रुपये की रकम कथित तौर पर गायब होने का मामला सामने आया है। सेक्टर पाई-1 स्थित बैंक शाखा में हुई इस कथित वित्तीय गड़बड़ी को लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में कई खाताधारकों ने अपनी जमा पूंजी और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की रकम गायब होने की शिकायत की है।

AdvertisementThe Puranic

शुरुआती शिकायत में 21 खाताधारकों की 10 करोड़ रुपये से अधिक की रकम में हेरफेर का आरोप लगाया गया था। इसके बाद शिकायत करने वाले ग्राहकों की संख्या लगातार बढ़ती गई। 30 अक्टूबर तक पुलिस के पास 37 शिकायतें पहुंच चुकी थीं। पुलिस और अन्य एजेंसियां मामले से जुड़े बैंक रिकॉर्ड और लेनदेन की जांच कर रही हैं।

खाताधारकों का आरोप है कि उनकी FD को बिना अनुमति समय से पहले बंद किया गया और रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई। कुछ ग्राहकों ने यह भी दावा किया कि उन्हें इन लेनदेन का कोई मैसेज या सूचना नहीं मिली। उन्हें अपने खातों में गड़बड़ी का पता तब चला, जब वे बैंक जाकर बैलेंस और ट्रांजैक्शन की जानकारी लेने पहुंचे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए PNB ने संबंधित शाखा के कर्मचारियों को निलंबित किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैंक ने 12 कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है और CBI को मामला सौंपा है।

वहीं, बैंक ने 30 अक्टूबर को बताया कि अब तक तीन ग्राहकों के 43 लाख रुपये के दावों का निपटारा किया जा चुका है। बैंक ने भरोसा दिया है कि जांच के बाद सभी वास्तविक दावों का भुगतान किया जाएगा। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रकम किस तरह ट्रांसफर हुई और इस कथित गड़बड़ी में कौन-कौन शामिल है।