WhatsApp ने ग्रुप चैट को पहले से ज्यादा आसान और व्यवस्थित बनाने के लिए चार नए फीचर पेश किए हैं। इन अपडेट्स का मकसद ग्रुप में होने वाली लंबी बातचीत के बीच जरूरी मैसेज ढूंढने और नए सदस्यों को पुरानी जानकारी देने की परेशानी कम करना है। नए फीचर्स में मैसेज को हमेशा के लिए पिन करने, चैट हिस्ट्री शेयर करने, ग्रुप स्टेटस और मेंशन-रिप्लाई फिल्टर की सुविधा शामिल है।

AdvertisementThe Puranic

पहला फीचर मैसेज पिन करने से जुड़ा है। अभी तक यूजर्स किसी मैसेज को 24 घंटे, 7 दिन या 30 दिन के लिए पिन कर सकते थे। अब बिना समय सीमा तय किए जरूरी मैसेज को हमेशा के लिए पिन किया जा सकेगा। इससे ग्रुप के नियम, मीटिंग की जानकारी और जरूरी निर्देश आसानी से मिल सकेंगे।

दूसरे फीचर के तहत ग्रुप में शामिल हो चुके नए सदस्य को भी पुरानी चैट के हालिया मैसेज भेजे जा सकेंगे। इसके लिए ग्रुप में उस सदस्य के नाम पर टैप करके मैसेज हिस्ट्री शेयर करने का विकल्प चुनना होगा। कंपनी के मुताबिक, ये मैसेज एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेंगे।

तीसरा फीचर ग्रुप स्टेटस है। अब यूजर्स अपना स्टेटस किसी खास ग्रुप के सदस्यों के साथ साझा कर सकेंगे। ग्रुप के सदस्य उसे देख और उस पर रिएक्ट कर पाएंगे। ये स्टेटस सामान्य स्टेटस की तरह 24 घंटे बाद गायब हो जाएंगे।

चौथे फीचर में मेंशन और रिप्लाई फिल्टर दिया गया है। इससे उन अनरीड ग्रुप चैट्स को आसानी से देखा जा सकेगा, जिनमें यूजर को टैग किया गया है या उसके मैसेज का जवाब मिला है। इसमें @all मेंशन भी शामिल होगा।