भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। दोनों के बीच तलाक का मामला अदालत में चल रहा है। इसी बीच ज्योति सिंह ने इस साल करवाचौथ का व्रत मनाया। खास बात यह रही कि उन्होंने यह त्योहार पति पवन सिंह की गैरमौजूदगी में मनाया। उनके करवाचौथ सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में ज्योति सिंह लाल रंग की साड़ी पहने और पारंपरिक गहनों से सजी नजर आ रही हैं। उन्होंने हाथों में चूड़ियां पहनी हैं और मांग में सिंदूर लगाया हुआ है। रात में वह पूजा की थाली लेकर बालकनी में पहुंचीं और छलनी से चांद का दीदार किया। इसके बाद उन्होंने करवाचौथ की पारंपरिक रस्में पूरी कीं।
ज्योति सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी इस खास मौके का वीडियो शेयर किया। इसके साथ उन्होंने सभी को करवाचौथ की शुभकामनाएं दीं। वीडियो के बैकग्राउंड में फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' का गाना 'आंखों की गुस्ताखियां' भी सुनाई दे रहा है। उनके इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
पवन सिंह और ज्योति सिंह की शादी साल 2018 में हुई थी। हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव की खबरें सामने आने लगी थीं। ज्योति ने अप्रैल 2022 में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। बाद में पवन सिंह की ओर से भी तलाक की याचिका दायर की गई।
दोनों के बीच कानूनी विवाद अभी जारी है। ऐसे में पति की गैरमौजूदगी में ज्योति का करवाचौथ मनाना एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.