बिहार के चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' में गर्लफ्रेंड होने का खुलासा करने वाले मनीष कश्यप ने अब अनुष्का शर्मा के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया है. दोनों ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के साथ तस्वीरें साझा की हैं. इसके बाद से उनकी लव लाइफ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

AdvertisementThe Puranic

अनुष्का शर्मा बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर इलाके की रहने वाली हैं. उन्होंने पटना वीमेंस कॉलेज से पत्रकारिता की पढ़ाई की है. पढ़ाई के साथ-साथ अनुष्का छात्र राजनीति में भी सक्रिय रही हैं. वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ी हैं और पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद की उम्मीदवार भी रह चुकी हैं.

हालांकि, छात्र संघ चुनाव में अनुष्का को हार का सामना करना पड़ा था. वह 924 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर रही थीं. इस चुनाव में एनएसयूआई के शांतनु शेखर ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की थी, जबकि जेडीयू के उम्मीदवार प्रिंस कुमार दूसरे स्थान पर रहे थे.

चुनाव के दौरान अनुष्का का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस वीडियो में वह भावुक होकर रोती नजर आई थीं. बताया गया कि विरोधियों की ओर से उनके चरित्र पर सवाल उठाए जाने से वह आहत थीं. इस वीडियो के बाद अनुष्का सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गई थीं.

अब मनीष कश्यप के साथ उनकी तस्वीरों ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है. मनीष ने अनुष्का के साथ तस्वीर साझा करते हुए नई शुरुआत और नए सपनों की बात कही है. वहीं अनुष्का ने भी मनीष को अपनी दुनिया बताया है. दोनों की पोस्ट के बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हैं.