दिवाली और छठ पूजा के दौरान घर जाने के लिए कन्फर्म ट्रेन टिकट मिलना यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है. त्योहारों के समय दिल्ली, मुंबई और दूसरे बड़े शहरों से बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड जाने वाली ट्रेनों में सीटों की मांग काफी बढ़ जाती है. ऐसे में कई यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान वेटिंग लिस्ट या रिग्रेट का सामना करना पड़ता है. अगर आप भी दिवाली-छठ पर घर जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो कुछ ऐप और तरीके आपके काम आ सकते हैं.

AdvertisementThe Puranic

ट्रेन टिकट बुक करने के लिए IRCTC Rail Connect आधिकारिक ऐप है. इसके जरिए यात्री ट्रेन खोजने, सीट उपलब्धता देखने और टिकट बुक करने के साथ PNR स्टेटस भी चेक कर सकते हैं. वहीं RailOne ऐप भी रिजर्व्ड, अनरिजर्व्ड और प्लेटफॉर्म टिकट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराता है. ऐप में यात्रियों की जानकारी सेव करने और कई पेमेंट विकल्पों का इस्तेमाल करने की सुविधा मिलती है.

अगर सामान्य टिकट उपलब्ध नहीं है, तो तत्काल टिकट एक विकल्प हो सकता है. AC क्लास के लिए तत्काल बुकिंग सुबह 10 बजे और नॉन-AC क्लास के लिए सुबह 11 बजे शुरू होती है. यह बुकिंग ट्रेन के शुरुआती स्टेशन से रवाना होने की तारीख से एक दिन पहले खुलती है.

इसके अलावा, ConfirmTkt, ixigo और RailYatri जैसे ऐप ट्रेन की उपलब्धता और वेटिंग टिकट के कन्फर्म होने की संभावना का अनुमान देखने में मदद करते हैं. हालांकि, इन ऐप्स पर दिखाई जाने वाली संभावना अंतिम गारंटी नहीं होती.

यात्रियों को रेलवे की फेस्टिव स्पेशल ट्रेनों, वैकल्पिक रूट और दूसरे स्टेशनों से टिकट उपलब्धता भी चेक करनी चाहिए. IRCTC पर मास्टर पैसेंजर लिस्ट में यात्रियों की जानकारी पहले से सेव रखने और पेमेंट तैयार रखने से बुकिंग के दौरान समय बच सकता है.