दिवाली पर घर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाना हर किसी को पसंद होता है। बाजार में इन दिनों कई तरह की सजावटी लाइटें मिल रही हैं। लोग अपनी पसंद और बजट के हिसाब से इन्हें खरीदते हैं, लेकिन कई बार कम कीमत के चक्कर में लाइट की गुणवत्ता और सुरक्षा पर ध्यान नहीं देते। खराब क्वालिटी की लाइट से शॉर्ट सर्किट, करंट लगने और आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा हो सकता है।

AdvertisementThe Puranic

लाइट खरीदते समय सबसे पहले उसके पैकेट पर दी गई जानकारी और सेफ्टी सर्टिफिकेशन जरूर जांचें। बिना किसी जरूरी जानकारी वाली लाइट खरीदने से बचें। इसके अलावा तार, प्लग और कनेक्शन को भी अच्छी तरह देखें। अगर तार कटे हुए हैं, बहुत पतले हैं या कहीं से खुले दिखाई देते हैं, तो ऐसी लाइट न खरीदें।

अगर आप पिछले साल की लाइट इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसे लगाने से पहले उसकी स्थिति जरूर जांच लें। घर सजाते समय एक ही एक्सटेंशन बोर्ड में कई लाइट और बिजली के उपकरण लगाने से बचें। ज्यादा लोड पड़ने पर बोर्ड गर्म हो सकता है और शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ सकता है।

एक और जरूरी बात यह है कि रातभर सजावटी लाइट चालू न छोड़ें। सोने से पहले इन्हें बंद कर दें। इससे बिजली की बचत होगी और संभावित खतरे भी कम होंगे। लाइट लगाते या हटाते समय हाथ सूखे रखें। गीले हाथों से प्लग और तार छूने पर करंट लग सकता है। पानी के पास खुले बिजली कनेक्शन रखने से भी बचें।

दिवाली की खुशियों के बीच थोड़ी सावधानी बरतकर घर को सुरक्षित रखा जा सकता है।