पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने ड्रग्स और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने तीन अलग-अलग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 11 पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस और 2.293 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने 30 अक्टूबर को इस कार्रवाई की जानकारी दी।

AdvertisementThe Puranic

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। अंगराज सिंह, कपिल और निखिल गिल के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। बरामद हथियारों में ग्लॉक, स्टार, बेरेटा और PX-5 पिस्टल के अलावा एक देसी पिस्टल भी शामिल है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे। पुलिस का दावा है कि ये हैंडलर्स अवैध हथियारों की सप्लाई में मदद करते थे। इन हथियारों को आगे आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों तक पहुंचाया जाना था। हालांकि, इस नेटवर्क के सभी संपर्कों और उनकी भूमिका की जांच अभी जारी है।

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के अनुसार, यह कार्रवाई तीन अलग-अलग ऑपरेशन के दौरान की गई। पहले ऑपरेशन में एक आरोपी से दो पिस्टल, दूसरे में छह आरोपियों से सात पिस्टल और तीसरे ऑपरेशन में एक आरोपी से दो पिस्टल के साथ हेरोइन बरामद हुई।

इस मामले में थाना छेहरटा और थाना ए-डिवीजन में तीन FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों का पता लगाने में जुटी है, ताकि इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।