ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर भोपाल में चल रहे ट्रायल को दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग का समर्थन किया है। एजेंसी ने आशंका जताई है कि भोपाल में आरोपियों के प्रभाव के कारण निष्पक्ष सुनवाई प्रभावित हो सकती है और गवाहों को डराया-धमकाया जा सकता है।
CBI ने अपने जवाब में बताया कि मामले की आरोपी गिरिबाला सिंह पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश रह चुकी हैं, जबकि उनके बेटे समर्थ सिंह भोपाल में वकालत करते हैं। एजेंसी के मुताबिक, दोनों का स्थानीय स्तर पर प्रभाव है। ऐसे में ट्रायल की कार्यवाही प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
हलफनामे में CBI ने यह भी आरोप लगाया कि ट्विशा की मौत के बाद गिरिबाला सिंह ने घटनास्थल को अपने हिसाब से व्यवस्थित करने और सबूतों को प्रभावित करने की कोशिश की थी। जांच एजेंसी ने CCTV फुटेज जुटाने से जुड़ी घटनाओं का भी जिक्र किया है। ये सभी आरोप जांच एजेंसी की ओर से लगाए गए हैं।
ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर मामले की सुनवाई भोपाल से दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग की थी। उनका कहना है कि मध्य प्रदेश में निष्पक्ष सुनवाई को लेकर आशंका है।
इससे पहले 16 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने भोपाल की ट्रायल कोर्ट में चल रही कार्यवाही पर अगले आदेश तक रोक लगा दी थी। 30 अक्टूबर को मामले की सुनवाई फिर हुई, लेकिन इसे आगे के लिए टाल दिया गया। अब सुप्रीम कोर्ट को ट्रायल के स्थानांतरण पर फैसला करना है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.