पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़ी घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है. सऊदी अरब ने दावा किया है कि उसकी एयर डिफेंस ने मदीना की ओर दागी गई हूती मिसाइल को हवा में ही मार गिराया. वहीं, होर्मुज में एक तेल टैंकर के नौसैनिक माइन से टकराने के बाद आग लगने की खबर सामने आई है.
सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के प्रवक्ता के मुताबिक, यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से मदीना क्षेत्र की तरफ बैलिस्टिक मिसाइल दागी गई थी. सऊदी एयर डिफेंस ने इसे इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया. मदीना इस्लाम के सबसे पवित्र शहरों में शामिल है, ऐसे में इस दिशा में मिसाइल दागे जाने की खबर ने सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया है.
इस बीच यमन में सरकारी बलों और हूती विद्रोहियों के बीच संघर्ष जारी है. कई इलाकों में गोलाबारी और सैन्य कार्रवाई की खबरें सामने आई हैं. सरकारी बलों ने हूती हमलों को नाकाम करने का दावा किया है, हालांकि इन घटनाओं को लेकर सभी पक्षों की जानकारी एक जैसी नहीं है.
दूसरी ओर, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक तेल टैंकर के नौसैनिक माइन से टकराने की खबर ने समुद्री सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, टैंकर प्रतिबंधित मार्ग से गुजर रहा था और उसके नेविगेशन सिस्टम बंद थे. घटना के बाद जहाज में आग लगने की बात कही गई है. इसके अलावा एक अन्य टैंकर और सहायता के लिए पहुंचे टगबोट में भी आग लगने की सूचना सामने आई है.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक है. यहां किसी भी तरह की सैन्य गतिविधि या जहाजों पर हमला वैश्विक तेल आपूर्ति और समुद्री व्यापार को प्रभावित कर सकता है. पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच इन घटनाओं ने क्षेत्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.