आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच हुए बड़े प्लेयर ट्रेड ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है. इस ट्रेड के तहत हार्दिक पंड्या पंजाब किंग्स में शामिल हो गए हैं, जबकि भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन गए हैं. दोनों खिलाड़ियों की ट्रेड फीस 18 करोड़ रुपये है. हार्दिक के मुंबई छोड़ने के बाद टीम के मालिक आकाश अंबानी ने उनके लिए खास संदेश दिया है.

AdvertisementThe Puranic

आकाश अंबानी ने हार्दिक पंड्या की विदाई पर कहा कि उन्होंने मुंबई इंडियंस के साथ कई खास पल बिताए हैं. टीम ने उन्हें एक युवा क्रिकेटर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में आगे बढ़ते देखा और फिर फ्रेंचाइजी की कप्तानी करते हुए भी देखा. आकाश ने हार्दिक के योगदान, ऊर्जा और मैदान पर उनके जुझारूपन की तारीफ की. उन्होंने कहा कि एक क्रिकेटर और इंसान के तौर पर उनके मन में हार्दिक के लिए बहुत सम्मान है और वह उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं.

हार्दिक 2015 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे. उन्होंने टीम के साथ चार आईपीएल खिताब जीते. 2024 में वह दोबारा मुंबई लौटे और कप्तानी संभाली. अब उनका दूसरा कार्यकाल खत्म हो गया है.

वहीं, अर्शदीप सिंह के मुंबई में शामिल होने पर आकाश अंबानी ने खुशी जताई. उन्होंने कहा कि अर्शदीप के आने से टीम की गेंदबाजी में नया आयाम जुड़ेगा. मुंबई हमेशा अनुभव, कौशल और जीतने की भूख का सही संतुलन बनाने की कोशिश करती है और अर्शदीप में ये सभी खूबियां मौजूद हैं. टीम ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनकी अंतरराष्ट्रीय अनुभव और गेंदबाजी मुंबई के आक्रमण को मजबूती देगी.