रिलायंस जियो की सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस को लेकर कंपनी के चेयरमैन आकाश अंबानी ने बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि Jio सैटेलाइट कम्युनिकेशन के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है, लेकिन फिलहाल सर्विस की लॉन्च डेट बताने से इनकार कर दिया। यह जानकारी इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 के दौरान सामने आई।
आकाश अंबानी से एलन मस्क के Starlink को लेकर दिए गए हालिया बयान और भारत में चल रहे विवाद पर सवाल पूछा गया। मस्क ने आरोप लगाया था कि कुछ 'ओलिगार्क' भारत में Starlink की एंट्री रोक रहे हैं। इस पर आकाश अंबानी ने सिर्फ 'No Comments' कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि Jio फिलहाल भारतीय ग्राहकों के लिए बेहतर सेवाएं देने और अपने काम पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
आकाश अंबानी ने बताया कि Jio सैटेलाइट टेक्नोलॉजी पर तेजी से प्रगति कर रही है और स्वदेशी सैटेलाइट टेक्नोलॉजी स्टैक विकसित करने पर भी काम कर रही है। उनका कहना है कि सैटेलाइट तकनीक उन घरों तक ब्रॉडबैंड पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकती है, जहां पारंपरिक नेटवर्क पहुंचाना मुश्किल है।
वहीं, भारत सरकार ने Starlink को लेकर मस्क के आरोपों को खारिज किया है। सरकार के मुताबिक लाइसेंस प्राप्त सैटेलाइट कंपनियां लगभग समान नियामकीय स्थिति में हैं और सुरक्षा मंजूरी की प्रक्रिया से गुजर रही हैं।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.