भारत के टेक्नोलॉजी जॉब मार्केट में अक्टूबर 2026 में बड़ी रिकवरी देखने को मिली है। एक्टिव टेक जॉब्स की संख्या 1.23 लाख पहुंच गई, जो पिछले 18 महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है। Xpheno की रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर की तुलना में टेक नौकरियों की मांग 5% और पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले 17% बढ़ी है।
हालांकि, नौकरियों में यह बढ़ोतरी फ्रेशर्स के लिए पूरी तरह राहत वाली खबर नहीं है। कुल 1.23 लाख ओपनिंग्स में से 68 हजार मिड-सीनियर पदों के लिए हैं। यानी करीब 55% नौकरियां ऐसे उम्मीदवारों के लिए हैं, जिनके पास पहले से काम का अनुभव है। इन पदों की मांग सालाना आधार पर 19% बढ़ी है।
वहीं एंट्री-लेवल यानी फ्रेशर्स के लिए करीब 15 हजार नौकरियां उपलब्ध हैं। यह आंकड़ा पिछले साल से 15% अधिक है, लेकिन सितंबर की तुलना में इसमें 6% गिरावट आई है। मिड-जूनियर पदों में भी बढ़ोतरी हुई है और इनकी संख्या करीब 7 हजार है।
आईटी सर्विसेज इस रिकवरी की सबसे बड़ी वजह बनी हुई हैं। इस सेक्टर में 66 हजार एक्टिव टेक ओपनिंग्स हैं। कंपनियां AI इंजीनियरिंग, डेटा एनालिटिक्स और टेक्निकल लीडरशिप जैसी स्किल्स वाले उम्मीदवारों की तलाश कर रही हैं। कोर टेक्नोलॉजी और इंजीनियरिंग में भी करीब 61 हजार नौकरियां हैं।
एक और बदलाव काम करने के तरीके में दिखा है। करीब 81% टेक नौकरियां ऑफिस से काम करने वाली हैं, जबकि रिमोट और हाइब्रिड अवसरों में गिरावट दर्ज की गई है।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.