नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए मेट्रो कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. केंद्रीय कैबिनेट ने नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार को मंजूरी दे दी है. इस परियोजना के तहत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक 8.449 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा. इसमें पांच नए एलिवेटेड स्टेशन होंगे. परियोजना पर करीब 2,390 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
इस विस्तार से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी. खास बात यह है कि नोएडा सेक्टर-61 पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से इंटरचेंज की सुविधा भी मिलेगी. इससे यात्रियों को दिल्ली-एनसीआर के दूसरे इलाकों तक पहुंचने में आसानी होगी.
प्रस्तावित कॉरिडोर से नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के कई आवासीय, व्यावसायिक और संस्थागत क्षेत्र जुड़ेंगे. गौर सिटी, क्लियो काउंटी, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 के आसपास रहने वाले लोगों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा आईटी कंपनियों, अस्पतालों, स्कूलों और शॉपिंग सेंटर तक पहुंच भी बेहतर होगी.
सरकार के मुताबिक, मेट्रो विस्तार से सड़क यातायात पर दबाव कम करने और यात्रा समय घटाने में मदद मिल सकती है. मेट्रो का इस्तेमाल बढ़ने से निजी वाहनों पर निर्भरता और प्रदूषण कम करने में भी योगदान मिल सकता है. परियोजना के चालू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा का कुल सक्रिय मेट्रो नेटवर्क 71.878 किलोमीटर हो जाएगा.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.