नोएडा के सेक्टर-27 से सेक्टर-61 के बीच बना करीब 4.8 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड पिछले 21 दिनों से बंद है. सेक्टर-33 के सामने बार-बार गड्ढा होने के बाद इसकी मजबूती की जांच आईआईटी रुड़की की टीम ने की. शुरुआती जांच में सामने आया है कि एलिवेटेड रोड के बाकी हिस्से सुरक्षित हैं, लेकिन जिस जगह बार-बार गड्ढा हुआ, वहां एक कंक्रीट पैनल में कमजोरी मिली है.
इस जांच के लिए अमेरिका से अल्ट्रासोनिक गाइडेड वेव्स तकनीक के विशेषज्ञ को भी बुलाया गया था. आईआईटी रुड़की की टीम ने इस आधुनिक तकनीक की मदद से पूरे एलिवेटेड रोड की मजबूती परखी. खास बात यह रही कि जांच के दौरान सड़क की ऊपरी परत तोड़ने या कंक्रीट की कटिंग करने की जरूरत नहीं पड़ी. इस तकनीक से संरचना के भीतर मौजूद दरारों और कमजोरियों का पता लगाया जा सकता है.
जांच में कमजोर पाया गया कंक्रीट पैनल करीब 11 मीटर लंबा और 2.5 मीटर चौड़ा है. अधिकारियों के मुताबिक, सड़क की मरम्मत के दौरान कम से कम तोड़फोड़ करने की योजना बनाई जा रही है. इसके लिए नीचे से शटरिंग लगाकर गड्ढे और उसके आसपास के हिस्से को ठीक किया जाएगा.
एलिवेटेड रोड पर पहली बार 18 अक्टूबर को गड्ढा हुआ था. मरम्मत के बाद 20 अक्टूबर को उसी जगह दोबारा गड्ढा हो गया. इसके बाद 21 अक्टूबर से सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली लेन बंद कर दी गई.
कंक्रीट पैनल के कमजोर होने की संभावित वजह निर्माण के दौरान अधिक कंपन होना बताई जा रही है. हालांकि, इसकी वास्तविक वजह आईआईटी रुड़की की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.